हल्द्वानी। पीलीभीत से अल्मोड़ा जा रहे युवकों की कार शनिवार की रात भुजियाघाट में खाई में गिर गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
पीलीभीत जिले के बीसलपुर निवासी गौरव अहलावत को अल्मोड़ा में आयोजित कृषि संगोष्ठी में भाग लेना था। शनिवार की रात वह अपने दोस्त एलएलबी के छात्र 22 वर्षीय मोहित अहलावत पुत्र राजकुमार अहलावत, उमेश और शनि शर्मा के साथ अल्मोड़ा जा रहा था। रात करीब 12 बजे कार मोड़ पर खाई में गिर पड़ी। पैर में चोट लगने के कारण गौरव होश में था उसने तुरंत फोन कर अपने परिजनों को हादसे की सूचना दी।
सूचना मिलने पर काठगोदाम थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुुलिस ने घायलों को खाईं से बाहर निकालकर नैनीताल रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने मोहित को मृत घोषित कर दिया। मोहित के चाचा रिंकू अहलावत परिवार के साथ मोर्चरी पहुंचे। उन्होंने बताया कि मोहित दोस्तों के साथ पहाड़ घूमने निकला था। वह दो भाइयों में बड़ा था। घायलों में शनि और उमेश की हालत गंभीर हैं। उनका इलाज चल रहा है। पुलिस का मानना है कि पीलीभीत के युवकों को अंदाजा नहीं था कि आगे मोड़ है और कार खाई में चली गई। काठगोदाम पुलिस शिकायत मिलने पर आगे तकनीकी जांच करेगी।