भवाली-अल्मोड़ा एनएच पर रविवार दोपहर बाद रामगाढ़ स्थित पुल के पास से होंडा कार नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर है। घायलों को निजी वाहन से सीएचसी खैरना लाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
डीडीहाट से हल्द्वानी जा रही होंडा इमेज कार (यूके 05 ए-9666) रविवार शाम साढ़े चार बजे जैसे ही रामगाढ़ स्थित पुल के पास पहुंची कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन से बचने के प्रयास में चालक का नियंत्रण कार से हट गया और कार क्षतिग्रस्त पैराफिट को लांघते हुए लगभग 50 मीटर नीचे नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार राजेश सूर्यवंशी (36) पुत्र वाघू सूर्यवंशी, सुनील वर्मा (36) पुत्र कालीचरण वर्मा और वाहन चालक मनोज वर्मा (36) पुत्र रमेश लाल वर्मा सभी निवासी डीडीहाट घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही खैरना चौकी प्रभारी देवनाथ गोस्वामी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एनएच से गुजर रहे हल्द्वानी निवासी अर्जुन कुमार, अल्मोड़ा निवासी नीरज कुमार और मोहित वाल्मीकि समेत आसपास के लोगों की मदद से घायलों को नदी से बाहर निकाला। घायलों को निजी वाहन से सीएचसी खैरना लाया गया। बताया जाता है कि तीनों युवक डीडीहाट में ज्वैलर्स का काम करते हैं।
सीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर घायल सुनील वर्मा को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य दोनों घायल अब भी सीएचसी खैरना में भर्ती थे। लोगों का कहना है कि यदि दुर्घटनास्थल पर पैराफिट होता तो शायद यह हादसा नहीं होता।