Car collapses, two cooperative bank employees die
- फोटो : BHIMTAL
गरमपानी (नैनीताल)। भवाली-अल्मोड़ा एनएच पर सुयालबाड़ी गंगरकोट के पास शनिवार सुबह एक कार 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में कार सवार सहकारी बैंक हल्द्वानी के दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। इन्हें हल्द्वानी स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां एक ही हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक हल्द्वानी के चार कर्मचारी श्यामपाल (35) पुत्र भुक्कन लाल निवासी टनकपुर रोड गौलागेट 16 हल्द्वानी, अंकित दानू (28) पुत्र डीएस दानू हाल निवासी ऊंचापुल हल्द्वानी एवं मूल निवासी भरैलवाड पिथौरागढ़, दिनेश चंद्र पांडे (28) पुत्र स्व. जमुनादत्त पांडे निवासी कटघरिया हल्द्वानी और संजय मेहरा (28) पुत्र हयात सिंह मेहरा हाल निवासी पीलीकोठी हल्द्वानी मूल निवासी लोहाघाट चंपावत शनिवार सुबह इओन कार यूके 04एबी 1598 से हल्द्वानी से जागेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे।
सुबह करीब 8 बजे सुयालबाड़ी गंगरकोट के पास पहुंचते ही उनकी कार असंतुलित होकर 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। घटना की सूचना कार सवार दिनेश चंद्र ने फोन पर प्रधान कार्यालय के शाखा प्रबंधक हरीश पांडे को दी। इस पर आपातकालीन सेवा, एसडीआरएफ की टीम और खैरना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को खाई से निकालकर सीएचसी खैरना पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने श्यामपाल और अंकित दानू को मृत घोषित कर दिया, जबकि दिनेश चंद्र पांडे और संजय मेहरा को प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस से हल्द्वानी भोटिया पड़ाव स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती किया गया है, जहां एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
वहीं, सूचना पर कौश्याकुटौली के एसडीएम गौरव चटवाल, तहसीलदार कृष्ण कुमार भी घटना स्थल के बाद अस्पताल पहुंचे। खैरना चौकी प्रभारी आशा बिष्ट ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेजा है। पुलिस के मुताबिक प्रथमदृष्ट्या से कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है।