त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के मतदान में महज नौ दिन शेष बचे हैं। नामांकनपत्रों की जांच वापसी के बाद अब प्रत्याशियों को सोमवार दोपहर दो बजे बाद चुनाव चिह्न आवंटन किया जाएगा। इसमें किसी के हिस्से उगता हुआ सूरज आएगा तो कोई गिटार पर अपने लिए वोट मांगेगा।
नैनीताल जिले में 2442 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इसमें प्रधान में 1316, बीडीसी सदस्य में 798, जिला पंचायत सदस्य में 126 और सदस्य ग्राम पंचायत में 202 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। जिले में 765 पदों के लिए चुनाव होने हैं। इसमें 96 ग्राम पंचायत सदस्य, 433 ग्राम प्रधान, 209 क्षेत्र पंचायत सदस्य व 27 जिला पंचायत सदस्यों का चुनाव होना है।
सोमवार को जिला पंचायत कार्यालय सहित विकासखंडों में प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा। इसमें जिला पंचायत सदस्य के लिए केतली, झोपड़ी, कैंची, गमला, टेलीफोन, उगता सूरज, कप प्लेट, कलम दवात, चश्मा, छाता, गिटार आदि चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशियों को अनाज की बालियां, अनानास, आईसक्रीम, इमली, घंटी, कार, किताब कैमरा, और क्षेत्र पंचायत सदस्य के प्रत्याशियों को टॉर्च, गुड़िया, कांच का गिलास, नारियल, पर्स, आदि चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा।
चुनाव चिह्न आवंटन के बाद चुनाव प्रचार गति पकड़ेगा। प्रत्याशी घर-घर अपने चुनाव चिह्न को पहुंचाने की जुगत में लगेंगे।