रामनगर के नंदा लाइन में तोड़ा गया केनरा बैंक का एटीएम।
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर (नैनीताल)। चोरों ने रविवार रात रामनगर में पहले एटीएम लूटने और फिर दुकान का शटर तोड़ने की कोशिश की। चौकीदार की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में एक आरोपी को पकड़ लिया है, जबकि उसके साथी की तलाश है। गिरफ्तार युवक को जेल भेज दिया गया है।
एसएसआई जयपाल सिंह चौहान ने बताया कि रविवार रात नंदा लाइन स्थित केनरा बैंक के एटीएम में नाबालिग समेत दो लोग तोड़फोड़ कर रुपये निकालने का प्रयास कर रहे थे। एटीएम में तोड़फोड़ तो की, पर वे कैश तक नहीं पहुंच सके। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। उसके बाद एक युवक ज्वाला लाइन स्थित जोशी गारमेंट्स की दुकान का शटर तोड़कर चोरी की कोशिश कर रहा था। इस बीच रात्रि चौकीदार बालाराम ने उसे टोका। चौकीदार के पहुंचते ही आरोपी बाइक से भाग गया। चौकीदार ने मोबाइल से आरोपी और बाइक नंबर का फोटो खींच लिया और गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को दे दिया। पुलिस ने आरोपी का पीछा कर उसे रानीखेत रोड से पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान करनपाल पुत्र दीनानाथ निवासी भवानीगंज के रूप में हुई। पुलिस ने उससे एक चाकू बरामद किया है। बैंक प्रबंधन की तहरीर पर युवक के खिलाफ धारा 380, 457, 504, 506, 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया, जबकि उसके नाबालिग साथी की तलाश की जा रही है। केनरा बैंक के मैनेजर गौरांग जोशी ने बताया कि एटीएम में तोड़फोड़ की गई है। कैश चोरी नहीं हुआ है। घटना की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दी है।