नगर पंचायत और पुलिस ने सोमवार को संयुक्त रूप से पॉलिथीन के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया। इसमें 15 दुकानदारों का चालान कर कुल 7,500 रुपए जुर्माना वसूला गया। इसके साथ ही दुकानदारों को अवैध पार्किंग और अतिक्रमण हटाने के लिए भी चेतावनी दी गई। इस दौरान दुकानदारों और टीम की नोंकझोंक और बहस भी हुई।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी राजू नबियाल और कोतवाल यूएस दानू के नेतृत्व में सोमवार को नगर में पॉलिथीन के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान मुख्य बाजार, टीपी नगर, गोला रोड और 25 एकड़ रोड की दुकानों पर छापेमारी की गई।
छापेमारी में टीम ने 15 दुकानों में पॉलिथीन पाए जाने पर प्रति दुकानदार 500 का चालान किया और 7,500 रुपए जुर्माना वसूला। इस दौरान दुकानदारों को अतिक्रमण न करने और सफाई व्यवस्था को ठीक रखने की हिदायत भी दी गई।
टीम ने चेतावनी दी की अतिक्रमण न हटाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर पंचायत के ईओ राजू नबियाल ने कहा कि अभियान के पहले चरण में चालान किया गया है। अगले चरण में पॉलिथीन मिलने पर पांच हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।