नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर के एनसीसी नौसेना विंग के कैडेटों ने महाराष्ट्र के लोनावला स्थित आईएनएस शिवाजी में आयोजित अखिल भारतीय नौ सैनिक शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। देशभर के 612 चुनिंदा कैडेटों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा में डीएसबी परिसर के कैडेटों ने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया।
एनसीसी अधिकारी प्रो. (लेफ्टिनेंट) रीतेश साह ने बताया कि कैडेट प्रियांशु आर्य ने सीमैनशिप और कैडेट आरोही चौधरी ने सर्विस सब्जेक्ट परीक्षा में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, कैडेट मानवी सनवाल ने सर्विस सब्जेक्ट में रजत और कैडेट गौरव जनोटी ने क्रॉस कंट्री में कांस्य पदक जीता। शिविर के दौरान महानिदेशक एनसीसी लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स सहित शीर्ष सैन्य अधिकारियों से मार्गदर्शन दिया। कैडेटों की इस सफलता पर कुमाऊं विवि के कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान एस. रावत और फाइव यूके नेवल यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल शाह, कुलसचिव डॉ. एमएस मंद्रवाल, परिसर निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा ने खुशी जताई है।