उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं, इसके लिए 20 फरवरी को बोर्ड सभागार में सचिव डा. डीके मथेला, निदेशक माध्यमिक शिक्षा राकेश कुमार कुंवर की अध्यक्षता में गोष्ठी होगी।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बोर्ड सचिव डा. मथेला ने बताया कि गोष्ठी में उत्तरपुस्तिका का संकलन, केंद्र व्यवस्था पर निर्देश, उत्तर पुस्तिकाआें के विवरण के साथ ही परीक्षा केंद्रों में पुलिस एवं प्रशासन की तैनाती के बारे में चर्चा की जाएगी, जिसमें सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारी, मंडलीय अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक एवं संकलन, उप संकलन केंद्रों के प्रधानाचार्य प्रतिभाग करेंगे।
10 मार्च से होंगी बोर्ड परीक्षाएं
हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 10 मार्च से होगी। इंटरमीडिएट का पहला पेपर 10 मार्च मंगलवार को हिंदी एवं कृषि हिंदी का होगा, जबकि हाईस्कूल का पहला पेपर 11 मार्च बुधवार को हिंदी का होगा। परीक्षा कक्ष में विद्यार्थियों को प्रात: 9:45 बजे पहुंचना है। 15 मिनट पेपर पढ़ने के बाद 10 बजे से परीक्षा शुरू होकर दोपहर एक बजे तक चलेगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं एक अप्रैल को संपन्न होंगी।