यूपी से बगैर शुल्क अदा किए चावल बेच रहे व्यापारी से वाणिज्य कर अधिकारी और तहसीलदार ने 20 हजार रुपए का जुर्माना वसूला है। टैक्स चोरी का मामला प्रकाश में आने पर नगर के व्यापारियों ने तहसील में जबरदस्त हंगामा किया और नगर के इलेक्ट्रानिक मीडिया कर्मियों पर अवैध वसूली का आरोप लगाया।
गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर तहसीलदार भुवन चंद्र कांडपाल एवं वाणिज्य कर अधिकारी मो.कासिम ने 25 एकड़ कालोनी में छापा मारा और यूपी से बगैर शुल्क अदा किए चावल बेच रहे व्यापारी को मय वाहन दबोचा। जब टीम द्वारा दस्तावेजों की जांच की गई तो सामने आया कि चावल बेच रहे व्यापारी द्वारा बगैर वाणिज्य कर के व्यापार किया जा रहा था। अधिकारियों द्वारा ट्रक (यूपी 25टी- 8946) को कब्जे में लेकर तहसील परिसर लाया गया। ट्रक के चालक तौफीक ने बताया कि चावल यूपी के बहेड़ी निवासी व्यापारी रहमान का है। ट्रक में सौ कट्टे चावल बगैर बिक्री कर के लाया गया है। अधिकारियों ने व्यापारी से 20 हजार रुपए का टैक्स के रूप में जुर्माना वसूला।
इधर, मामला सामने आने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, महामंत्री संजय जोशी, व्यापारी नेता दिवान सिंह बिष्ट, भुवन पांडे, महेश भट्ट समेत दर्जनों व्यापारी तहसील पहुंच गए। उन्होंने नगर के कुछ इलेक्ट्रानिक मीडिया कर्मियों पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि मीडिया कर्मी चावल के व्यापारी से पिछले कई माह से अवैध वसूली कर रहे है। गुरुवार को व्यापारी द्वारा पैसा नहीं देने पर चावल व्यापारी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए दबाव बनाया गया।