हल्द्वानी। हाईकोर्ट के जज के निजी सचिव को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर घूस देने की पेशकश शहर के एक व्यवसायी को महंगी पड़ गई। जज की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे सोमवार रात ही गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को जिला जज के समक्ष पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
कोतवाली थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि उनके पास हाईकोर्ट के एक जज की कॉल आई थी। जज ने बताया कि उनके निजी सचिव शिव शुक्ला के व्हाट्सएप पर सुभाषनगर वार्ड नंबर 16 के साड़ी व्यवसायी अंकित टंडन ने मैसेज किया है। मैसेज में कहा गया है कि जज की अदालत में उसके करीबी का एक मुकदमा चल रहा है। कुछ ले-देकर मुकदमा रफा दफा कर दें तो अच्छा होगा। अदालत के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने 8/12 भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत व्यवसायी अंकित टंडन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे सोमवार की रात गिरफ्तार कर लिया।