नैनीताल/कालाढूंगी। नैनीताल-कालाढूंगी रोड पर बृहस्पतिवार शाम साढ़े पांच बजे नलनी गांव के पास पर्यटकों से भरी बस पलट गई। हादसे में एक पर्यटक की मौत हो गई जबकि 29 यात्री घायल हो गए। बस में राजस्थान के कोटा जिले के पर्यटक सवार थे। घायलों को कालाढूंगी के अस्पताल और हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बस दुर्घटना मामले की डीएम ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं।
मध्य प्रदेश के इंदौर के निवासी घायल रमेश चंद मित्तल (75) ने बताया कि वह नैनीताल घूमने के लिए राजस्थान के झालावाड़ में रहने वाली बेटी नीलिमा और दामाद जगदीश अग्रवाल के पास आए थे। उनके साथ पत्नी शकुंतला भी थी।
राजस्थान के रामगंज मडी कोटा निवासी भूपेंद्र ने बताया कि बस में सेफ सोप कंपनी से जुड़े परिवार सहित कुल 30 लोग सवार थे। पांच दिन वे रामनगर में रहे। बृहस्पतिवार की सुबह सभी रामनगर से प्राइवेट बस संख्या डी एल-1 वीए 7763 में सवार होकर नैनीताल घूमने गए थे।
नैनीताल से लौटते वक्त नलनी गांव के पास बस के ब्रेक फेल हो गए और बस अनियंत्रित हो गई। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को सड़क किनारे बोल्डर से टकरा दिया जिससे बस बीच सड़क में पलट गई। तरुण (30) पुत्र बल्लब कुमार निवासी कोटा की बस के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी, एएसपी हरीश चंद्र सती, सीएमओ डॉ. एचके जोशी समेत नैनीताल और कालाढूंगी पुलिस मौके पर पहुंची।
तीन घंटे तक लगा रहा जाम
नैनीताल। बस के सड़क के बीचोंबीच पलटने के कारण तीन घंटे तक नैनीताल-कालाढूंगी रोड में जाम की स्थिति बनी रही। हादसे की सूचना दिए जाने के बावजूद प्रशासन ने क्रेन नहीं भेजी गई। बाद में कालाढूंगी से क्रेन पहुंची।
कालाढूंगी से नलनी की दूरी महज दस किलोमीटर है और उक्त दूरी तय करने में क्रेन को तीन घंटे का समय लग गया। रात साढ़े आठ बजे के करीब क्रेन ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर पलटी बस को किनारे किया तब कहीं जाम खुला।
जाम में फंसे सैलानियों ने की अभद्रता
नैनीताल। नलनी के पास सड़क हादसे के बाद जाम लग गया। इस दौरान जाम में फंसे हरियाणा के कुछ सैलानियों ने राहत और बचाव में जुटे स्थानीय युवाओं के साथ अभद्रता की। इतना ही नहीं इन सैलानियों ने कवरेज करने पहुंचे मीडिया कर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया।
घायलों से पटा अस्पताल, डॉक्टरों के पसीने छूटे
हल्द्वानी। 28 घायलों को जब सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती के लिए लाया गया तो बेड की भी कमी पड़ गई। इससे अन्य मरीजों को भी परेशानी हुई। अस्पताल के आपरेशन थियेटर में एक एक घायलों के आने का क्रम जारी रहा। घायलों के इलाज करने में काफी दिक्कत पेश आ रही थी। अधिकतर लोगों के सिर और हाथ में चोंटे आई थी। चीख पुकार से अस्पताल में आने वाले अन्य मरीजों की हालत खराब हो गई थी।
हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल में रेजीडेंट डाक्टरों ने हादसे में घायलों को लेकर आने वाले व्यवसायी को पीट दिया। व्यवसायी के कपड़े फट गए और उसकी चेन भी टूटकर गायब हो गई। घटना के बाद हंगामा होने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को तितर-बितर किया। इसके बाद इलाज का काम शुरू हो गया।
कालाढूंगी निवासी होटल संचालक हरीश मेहरा का कहना था कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद वह गाड़ी लेकर मौके पर गया था। वह पांच घायलों को अपनी गाड़ी में लादकर एसटीएच में लाया। यहां भर्ती कराते समय उसने डॉक्टरों ने जल्द इलाज करने का अनुरोध किया।
इसी बात को लेकर उसका डॉक्टरों से विवाद हो गया। चार रेजीडेंट डाक्टरों ने उसे पीटकर कपड़े फाड़ दिए। इस बीच अस्पताल में घायलों का प्राथमिक इलाज कुछ देर के लिए बंद हो गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची।
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर हटाया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में व्यवसायी के समर्थक इकट्ठा होने लगे। स्थिति को गंभीर देखते हुए कोतवाल ने अस्पताल परिसर में फोर्स तैनात कर दिया है।
इस बारे में अस्पताल के एमएस डॉ. ए के पांडे का कहना है कि व्यवसायी घायलों के इलाज के दौरान फोटो खींच रहा था। डॉक्टरों ने मना किया कि तो आपस में कहासुनी के बाद भिड़ंत हो गई। उन्होंने खुद भी व्यवसायी को बाहर जाने का अनुरोध किया लेकिन वह धमकी देते हुए चला गया।
ये हुए घायल
भरत अग्रवाल (14), रजत अग्रवाल (11) पुत्र जगदीश अग्रवाल, जगदीश अग्रवाल, नीलिमा अग्रवाल पत्नी जगदीश अग्रवाल, रमेश चंद्र मित्तल (70), शकुंतला मित्तल (68) निवासी रामगंज कोट राजस्थान, उदय पंचियाल (21) निवासी बारा राजस्थान, राकेश प्रजापति (35) निवासी झालावाड़, भूपेंद्र शर्मा (30) निवासी कोटा, अरविंद टेलर (32) निवासी जलालाबाद, अर्चना (17) निवासी कोटा, ओमप्रकाश (27), मूल चंद्र (29), भरत कश्यप (22), अमन (20), चंदन कुमार, (28), कमलेश कश्यप (40), अनुमान कश्यप (42) निवासी कोटा, ललित सुमन (29), गिरिराज ( 26) निवासी कोटा, रमेश चंद मित्तल (75), अर्चना केराव, मनोज जाट, बस चालक रहमान और कंडक्टर पवन कुमार सहित आदि घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।