भीमताल (नैनीताल)। ओखलकांडा क्षेत्र में खेतों में पहुंची दावाग्नि को बुझाने के चक्कर में एक बुजुर्ग महिला बुरी तरह झुलस गई। गंभीर हालत में महिला को सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां से उसे हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक मल्ला ओखलकांडा ग्रामसभा के तोक नौला निवासी नंदी देवी (85) पत्नी स्व. धर्मानंद सुयाल मंगलवार की सुबह घर के समीप स्थित खेतों तक पहुंची जंगल की आग को बुझाने का प्रयास कर रही थी। तभी एकाएक आग की लपटों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया जिससे बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से झुलस गई।
महिला की चीख पुकार सुन आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने किसी तरह महिला पर कंबल डालकर उसे आग की लपटों से बाहर निकाला और इलाज के लिए पीएचसी ओखलकांडा पहुंचाया जहां से प्राथमिक इलाज के बाद महिला को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया।