हिमालय फार्म में एक कार धू धू कर जल गई। देखते ही देखते आग की लपटें विकट हो गई। पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड के मुताबिक कार में शार्ट सर्किट से आग लगी है। वहीं पड़ोसियों का दावा है कि कूड़े के ढेर में आग लगाने से यह अग्निकांड हुआ है।
पुलिस के मुताबिक दिल्ली निवासी राजपाल हिमालय फार्म निवासी रिश्तेदार के यहां आए हैं। वह अपनी कार संख्या डीएल 03 सीआई 9305 से यहां पहुंचे हैं। उन्होंने कार कालोनी में ही गली किनारे खड़ी की थी। शुक्रवार की सुबह संदिग्ध हालात में उनकी कार में आग लग गई और देखते ही देखते कार धू धू कर जलने लगी। इस बीच बाहर निकले पड़ोसियों ने कार को जलते देखा तो फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। इधर आग की लपटें भीषण होते देख पड़ोसियों ने आग बुझाने में लग गए। क्षेत्रवासियों की मदद से एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बाद में पहुंची फायर ब्रिगेड ने भी घटना की जानकारी ली। फायर ब्रिगेड आफिस के अनुसार कार में शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी है जो कि पुष्ट नहीं है। टीम आग लगने की वजह का पता लगा रही है।
पड़ोसियों के मुताबिक सफाई कर्मियों ने कूड़ा जलाने के लिए आग लगाई थी। ढेर के पास सूखी पत्तियां भी थी इसलिए पत्तों से आग कार तक पहुंच। गई और कार का टायर जलने से बर्स्ट हुआ तो धमाका हुआ। इसके बाद पड़ोसियों को कार में आग लगने का पता चला। उन्होंने कहा कि वार्ड में एक भी डस्टबिन नहीं है इसलिए मजबूरी में क्षेत्रवासी यहां वहां कूड़ा फेंकते हैं। इतना ही नहीं सफाई कर्मी भी कूड़ा ले जाने की बजाय जला देते हैं।
सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी के सख्त आदेश है कि खुले मैदान, प्लाट आदि में कूड़ा नहीं जलाया जाएगा। कूड़ा जलाने से हानिकारक गैसें उत्सर्जित करती हैं जो पर्यावरण के लिए हानिकारक होती है। हैरानी की बात यह है कि इसके बाद भी नगर निगम वार्ड में कूड़ा फेंकने के लिए डस्टबिन और कूड़ा निस्तारण के लिए कोई इंतजाम नहीं किए है।