नैनीताल। दिवाली के दौरान पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं में झुलसने वाले लोगों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। बीडी पांडे अस्पताल प्रबंधन ने दो बेड के बर्न वार्ड को तैयार कर चिकित्सकीय स्टाफ को आपात स्थिति में मरीजों के उपचार के लिए पूर्वाभ्यास भी कराया है। विभाग का प्रयास है कि त्योहार के दौरान आग से झुलसने की किसी भी घटना में मरीज को बिना देरी के प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
दिवाली के दौरान नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में पटाखे जलाते समय हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों के झुलसने की घटनाएं सामने आती हैं। कई बार हादसों में लोग गंभीर रूप से घायल भी हो जाते हैं।
अस्पताल की पीएमएस डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल ने बताया कि बीडी पांडे अस्पताल में दो बेड का बर्न वार्ड है। यहां 40 से 50 प्रतिशत तक झुलसे मरीजों के उपचार की व्यवस्था है। इससे अधिक गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया जाता है। बताया कि दिवाली के लिए बर्न वार्ड तैयार कर स्टाफ को भी पूर्वाभ्यास कराया गया है।