मां के डांटने पर बीएससी की छात्रा ने जान दी
हल्द्वानी। मां के डांटने पर कोटाबाग में बीएससी की छात्रा ने बुधवार की शाम अपने घर में जहर खा लिया। सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार के दौरान बृहस्पतिवार की दोपहर उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कॉलेज से देर से घर पहुंचने पर मां ने उसे डांट दिया था।
आंवलाकोट कोटाबाग निवासी उमेश चंद्र की 17 साल की बेटी ज्योति रामनगर के डिग्री कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। बुधवार की शाम कॉलेज से घर देर से पहुंचने पर मां ने उससे पूछताछ कर दी। मां के डांटने पर वह तनाव में आ गई। कुछ देर बाद उसने जहर खा लिया। बेहोश होने पर परिजन उसे सुशीला तिवारी अस्पताल ले आए।
वहां उपचार के दौरान बृहस्पतिवार की दोपहर उसने दम तोड़ दिया। मेडिकल चौकी प्रभारी कैलाश सिंह नेगी ने परिजनों से पूछताछ करने के बाद शव का पंचायतनामा किया।