नैनीताल। हल्द्वानी मार्ग पर हनुमानगढ़ के पास एक टैक्सी चालक पर बोल्डर गिर गया। पुलिस ने घायल को बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया जहां से चिकित्सकों ने उसे एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया।
मंगलवार शाम टैक्सी चालक अमित ने पुलिस को सूचना दी कि एक टैक्सी कार पर पहाड़ी से बोल्डर गिर गया है। टैक्सी में मौजूद युवक घायल हो गया है। इसके बाद सूचना पर तल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मनीष आर्य निवासी चकबहेड़ी चाफी, थाना भीमताल को बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया।
बताया गया कि वह टैक्सी सड़क के किनारे खड़ी करके भीतर सो रहा था। बोल्डर टैक्सी के पीछे का शीशा तोड़कर भीतर चला गया जिससे मनीष के सिर पर गहरी चोट आ गई। बीडी पांडे अस्पताल से चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया।