हल्द्वानी। शहर की जरूरतों के लिहाज से यहां सड़कों का लगातार चौड़ीकरण हो रहा है। काठगोदाम से लेकर रामपुर रोड मार्ग चौड़े हो रहे हैं, इसके साथ ही दुर्घटनाओं का ग्राफ भी तेजी से ऊपर उठ रहा है। इसकी बड़ी वजह दोपहिया वाहनों की हवा की रफ्तार सामने आ रही है। इस कारण वाहन या तो डिवाइडरों से टकरा रहे हैं, या फिर आमने-सामने की टक्कर में भीषण दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी कारण मंगलवार को नैनीताल रोड पर डिवाइडर से टकराकर अल्मोड़ा व खनस्यूं के दो युवकों की मौत हो गई।
शहर में रामपुर रोड पंचायतघर से लेकर नरीमन काठगोदाम तक की सड़क चौड़ी तो कर दी गई और डिवाइडर लगा दिए गए। इसके बावजूद हादसों का ग्राफ कम नहीं हो पा रहा है। दिसंबर महीने में रामपुर रोड पर बने आधे-अधूरे डिवाइडर से ट्रक टकरा गया। यह ट्रक रामपुर से शहर आया था। बीती दो जनवरी को सब्जी लेकर मंडी जा रहा ट्रक रामपुर रोड पर डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में चालक को मामूली चोट आई। अब नैनीताल रोड पर काठगोदाम कालटैक्स के पास बना डिवाइडर जानलेवा साबित हो गया। बीते अप्रैल माह में रामनगर से लौट रहे बाइक सवार बागेश्वर निवासी दो युवाओं की कालाढूंगी दुर्घटना में मौत हो गई थी। वे बागेश्वर से रामनगर बाइक लेने गए थे।
कोट
सड़क हादसों पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए चेकिंग अभियान लगातार चलाया जाएगा, तेज गति से वाहन चलाने वालों पर सख्ती की जाएगी। इसके अलावा वाहन चालकों को जागरूक भी किया जाएगा।
जगदीश चंद्र, एसपी यातायात