रामनगर/भवाली। कोरोना की तीसरी लहर ने पर्यटन कारोबार को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। रामनगर के होटलों में 90 फीसदी बुकिंग कैंसिल हो गई है। अब होटल कारोबारी स्टॉफ को छुट्टी देने लगे हैं।
कॉर्बेट में जंगल सफारी के लिए आने वालों की संख्या काफी कम हो गई और वहां पर भी बुकिंग रद्द कराई जा रही है। पिछले वर्ष कोविड संक्रमण बढ़ने पर केेंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार कार्बेट पार्क तीन मई से 28 जून तक डे विजिट एवं रात्रि विश्राम के लिए बंद रहा था। कोरोना की तीसरी लहर आ गई है। पर्यटकों ने बुकिंग कैसिंल कराना शुरू कर दिया है। ईको टूरिज्म के रेंजर ललित आर्य ने बताया कि पर्यटकों की आमद अब कम हो गई है।
दूसरी ओर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हरिमान ने बताया कि होटलों की 90 फीसदी बुकिंग कैंसिल हो गई है। अब कारोबारी स्टॉफ को छुट्टी देने लगे है। कोरोना के चलते कारोबार ठप हो गया है। दूसरी ओर भवाली के श्यामखेत स्थित चाय बागान में कोरोना के चलते सैलानियों की आवाजाही कम हो रही है। इससे पर्यटन कारोबार पर असर पड़ रहा है। साथ ही स्थानीय लोगों को भी बेरोजगारी का डर सताने लगा है।