हल्द्वानी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का जनसंवाद कार्यक्रम कमलुवागांजा रोड स्थित एक बैंक्वट हॉल में हुआ। विधायक सुमित हृदयेश ने निकाय चुनाव की तैयारियों पर चर्चा के साथ जनहित से जुड़े मुद्दों पर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस में टिकट की लड़ाई नहीं होनी चाहिए। टिकट चुनाव जीतने वाले प्रत्याशी को दिया जाना चाहिए। ऐसा प्रत्याशी जो हमेशा लोगों के सुख और दुख में खड़ा रहा हो। कहा कि टिकट के दावेदार कई होंगे लेकिन चुनाव एक ही कांग्रेसी लड़ेगा। कहा कि हमें मिल जुलकर चुनाव लड़ना है। कहा कि मैं हमेशा साल 2018 में मेयर पद पर अपनी हार की जिम्मेदारी स्वयं लेता हूं। मैं कभी ये नहीं कहता कि किन लोगों के साथ नहीं देने की वजह से मैं चुनाव हार गया। कहा कि भाजपा सरकार में विकास पटरी से उतर गया है। पूरे शहर की सड़कें अनियोजित विकास की वजह से खोद दी गई हैं। जिला अध्यक्ष राहुल छिम्वाल ने कहा कि मुख्यमंत्री आए दिन हल्द्वानी आकर झूठी घोषणाएं कर रहे हैं जबकि आईएसबीटी, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम और रिंग रोड के लिए सरकार गंभीर ही नहीं है। महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट और पीसीसी सदस्य सतीश नैनवाल ने कहा कि पेयजल, लो वोल्टेज, बिजली कटौती, महंगाई से जनता परेशान है। यहां तारा सिंह नेगी, भोला दत्त भट्ट, संजय किरौला, कुंदन नेगी, संजय बिष्ट, मनोज शर्मा, जया कर्नाटक, मीमांशा आर्या, कानू बिष्ट, महेश कांडपाल, नीरज तिवारी, भागीरथी बिष्ट, नरेंद्र खनी, महावीर सिंह आदि थे।