हल्द्वानी। सरस मार्केट के सामने सीपीयू ने रामपुर जिले के तहसीलदार की कार को रोककर नीली बत्ती उतरवाई। सीपीयू ने इस मामले में दो सौ रुपये जुर्माना काटने के बाद उनको छोड़ दिया। सीपीयू के उपनिरीक्षक दयाचंद रजवार और कांस्टेबल मनोज जोशी शुक्रवार दोपहर नैनीताल रोड पर चेकिंग कर रहे थे। सरस मार्केट के समीप इनोवा कार (यूपी 22 वाई2111) पर नीली बत्ती लगी देखते ही सीपीयू ने कार को रोक लिया।
पूछने पर पता चला कि कार में रामपुर जिले के तहसीलदार अमित कुमार आर्या का परिवार है। सीपीयू ने बताया कि नियमानुसार कोई अधिकारी प्राइवेट कार में नीली या लाल बत्ती नहीं लगा सकता है। इस मामले में सीपीयू ने तहसीलदार को दो सौ रुपये जुर्माने की रसीद दी। जुर्माना लेने के बाद सीपीयू ने तहसीलदार को छोड़ दिया। पता चला है कि तहसीलदार परिवार के साथ हल्द्वानी में घूमने के लिए आए थे।