मुक्तेश्वर ( नैनीताल)। धारी ब्लाक के पोखराड़ गांव के समीप स्थित भालूगाड़ वाटर फाल में युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर राजस्व विभाग के अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। मृतक के साथ मौजूद उसके दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की शाम साढ़े चार बजे के करीब श्यामखेत भवाली निवासी कोमल आर्या (26) पुत्र नारायण चंद्र निवासी अपने दोस्त राहुल कुमार ,कौशिक धौनी निवासी श्यामखेत, वीरेंद्र सिंह क्वीरा निवासी भवाली और संजीव सौरव निवासी चांफी के साथ भालूगाड़ स्थित वाटरफाल में घूमने पहुंचा था।
बताया जाता है कि पांचों युवक तैरने लगे लगे। इसी दौरान कोमल आर्या का संतुलन बिगड़ गया और चीख पुकार कर पानी में हाथ पैर मारते हुए डूब गया। उसके दोस्तों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला और आपातकालीन वाहन 108 से पदमपुरी स्थित चिकित्सालय ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर तहसीलदार नवाजिश खालिक और पटवारी शकील अहमद ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और सभी युवकों के परिजनों को घटना की सूचना दी। तहसीलदार के मुताबिक पांचों युवकों ने शराब की हुई थी।
राजस्व पुलिस मृतक के साथियों से पूछताछ कर रही है। खबर लिखे जाने तक शव पदमपुरी स्थित चिकित्सालय में रखा गया था। तहसीलदार ने बताया कि युवकों के परिजनों के पहुंचने के बाद ही इस मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।