हल्द्वानी। शहर में मानव सेवा के लिए बड़ी पहल हो रही है। अमर उजाला और आलू-फल आढ़ती व्यापारी एसोसिएशन की ओर से बृहस्पतिवार को नवीन मंडी परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर सुबह नौ बजे से बड़ी सब्जी मंडी के एसोसिएशन कार्यालय परिसर में आयोजित होगा। कार्यक्रम संयोजक जीवन कार्की ने बताया कि शिविर का उद्देश्य रक्त की कमी से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों की मदद करना है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। आपका एक यूनिट रक्त किसी के जीवन की पूरी उम्र बन सकता है। उन्होंने सभी व्यापारी, आढ़ती, कर्मचारी और शहरवासियों से अपील है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर रक्तदान करें और जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा करें। शिविर में चंदन अस्पताल-बेस अस्पताल के चिकित्सकों की टीम मौजूद रहेगी। रक्तदान करने वालों को प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।
रक्तदान कौन कर सकता है
- उम्र 18 से 65 साल, वजन 45 किलो से अधिक हो
- हीमोग्लोबिन 12.5 ग्राम से ऊपर हो
- पिछले तीन महीने में रक्तदान न किया हो
- बुखार, सर्दी-खांसी, किसी बड़े ऑपरेशन या बीमारी से ठीक हुए 15 दिन हो चुके हों
- महिला चार महीने पहले तक गर्भवती न रही हो
कौन नहीं कर सकता -
- एचआईवी, हेपेटाइटिस, कैंसर, हृदय रोगी, लगातार दवा लेने वाले लोग
रक्तदान के पांच बड़े लाभ -
1. शरीर में नया खून बनता है, रक्त संचार बेहतर होता है
2. हार्टअटैक और कोलेस्ट्रॉल का खतरा कम होता है
3. मुफ्त में ब्लड ग्रुप, हीमोग्लोबिन, बीपी और कई जांच हो जाती है
4. कैलोरी बर्न होती है, वजन नियंत्रित रहता है
5. आपके एक यूनिट रक्त से 3 जिंदगियां बच सकती हैं