फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धमाकों से दहला वीरभट्टी क्षेत्र

Tue, 26 Sep 2017 02:15 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो 
विज्ञापन
धमाकों से दहला वीरभट्टी क्षेत्र - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
हल्द्वानी से कपकोट (बागेश्वर) जा रहे सिलेंडरों से भरे ट्रक में सोमवार दोपहर शार्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। इस दौरान एक के बाद एक 80 सिलेंडर धमाके के साथ फट गए। डेढ़ घंटे बाद पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। धमाकों के कारण ब्रिटिशकालीन पुल को भी क्षति पहुंची है।
विज्ञापन


इसके चलते ज्योलीकोट-अल्मोड़ा-कर्णप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सप्ताह के लिए यातायात को पूरी तरह रोक दिया गया है। हादसे में चालक सहित तीन लोग झुलस गए। ट्रक में करीब 228 घरेलू और छह व्यावसायिक सिलेंडर थे। 

सोमवार दोपहर ट्रक यूके 04सीए 4374 मोटाहल्दू स्थित गोदाम से गैस सिलेंडर लेकर कपकोट-भराड़ी जा रहा था। ज्योलीकोट के समीप वीरभट्टी के ब्रिटिशकालीन पुल के ऊपर से गुजरते समय लगभग 11 बजे ट्रक में शार्ट सर्किट से आग लग गई।
विज्ञापन


चालक जगदीश निवासी ग्राम बसोली सोमेश्वर, परिचालक नन्हे निवासी गहबरा थाना मीरगंज बरेली और गोविंद सिंह निवासी भगर कपकोट ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग बोनट से होते हुए टायरों तक पहुंच गई। यह देख तीनों लोग वाहन को बीच पुल पर छोड़कर भाग खड़े हुए।

आग पकड़ने से एक के बाद एक सिलेंडर विस्फोट के साथ हवा में करीब 50-50 मीटर तक उछलने लगे। इससे आसपास के लोग सहम गए और उन्होंने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर ज्योलीकोट चौकी पुलिस पहुंची लेकिन भीषण आग के आगे बेबस हो गई।

करीब डेढ़ घंटे बाद नैनीताल से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। इस दौरान एआरटीओ हरवीर सिंह और सीएफओ संजीव कुमार भी घटनास्थल पर पहुंच गए। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों, पुलिस कर्मियों और स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया।

आग बुझाने के प्रयास में परिचालक भी बुरी तरह झुलस गया। जबकि चालक जगदीश और गोविंद आंशिक रूप से झुलसे हैं। उनका गेठिया सेनेटोरियम में प्राथमिक उपचार किया गया। 

घटनाक्रम 
11: 00 बजे ट्रक ने आग पकड़ी 
11: 05 पर चालक ने ट्रक को पुल पर रोककर आग बुझाने का प्रयास किया आग नहीं बुझने पर भाग गया
11: 30 बजे आग ट्रक के बोनट से होते हुए टायरों तक पहुंची 
11: 45 पहले सिलेंडर में आग लगी 
11:50 आग के गुबार के साथ ट्रक में धमाका हुआ 
12: 00 ट्रक ने पूरी तरह आग पकड़ ली 
12:30 बजे तक एक के बाद एक करीब 80 सिलेंडर हवा में उछलते हुए फट पड़े
12:35 बजे एक नैनीताल से एक दमकल वाहन मौके पर पहुंचे 
01:30 पर आग पर काबू पाया गया 

एनएच एक हफ्ते के लिए बंद 

अग्निकांड के बाद पुल का एक छोर क्षतिग्रस्त हो गया है। सीओ हरीश सती और एनएच कुमाऊं के चीफ इंजीनियर एजाज अहमद ने बताया कि पुल की हालत को देखते हुए एक सप्ताह के लिए इस पर यातायात बंद कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि आईआईटी रुड़की से विशेषज्ञों की टीम आकर पुल का मुआयना करेगी। तब तक वाहनों को वाया भीमताल या नैनीताल होते हुए अल्मोड़ा, रानीखेत जाना होगा। 

बड़ा हादसा होने से बचा 

वीर भट्टी में जिस स्थान पर घटना हुई वहां से करीब 100 मीटर पहले छोटा सा बाजार है। यहां करीब दस दुकानें हैं। ट्रक चालक रोजाना वीरभट्टी पर रुककर चाय नाश्ता करता था। सोमवार को देर होने की वजह से वह वीरभट्टी में न रुककर चलता रहा। बाजार से आगे बढ़ते ही हादसा हो गया। अगर हादसा बाजार के पास होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। 

ऐसा लगा कि जैसे भूकंप आ गया हो 

पुल से 20 मीटर की दूरी पर रहने वाले इंदर सिंह ने कहा कि हादसे के वक्त वह घर पर थे। सिलेंडरों के धमाके से घर हिलने लगा। इससे दीवार में लगे शोपीस गिर गए। ऐसा प्रतीत हुआ कि जैसे भूकंप आ गया हो। 

दूर-दूर तक गिरे सिलेंडर के चिथडे़ 

सिलेंडर फटने से उसके चीथडे़ कई मीटर ऊपर हवा में उछले। सिलेंडर और ट्रक के कई हिस्से 200 मीटर की दूरी तक गिरे हैं। वहीं कई सिलेंडर भी दूर-दूर तक गिरे हैं। करीब डेढ़ घंटे तक सिलेंडर फटते रहे।

गाड़ियों में नहीं फायर सेफ्टी किट 

पहाड़ को जाने वाली अधिकतर गाड़ियों में फायर सेफ्टी किट नहीं है। मौके पर पहुंचे एआरटीओ हरवीर सिंह से जब इस बाबत पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कुछ रोज पहले ही उन्होंने बैठक में सभी अधिकारियों को वाहनों में आवश्यक रूप से फायर सेफ्टी किट लगाने के लिए निर्देशित किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें