हल्द्वानी, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम़्बाल। अमर उजाला
नैनीताल। आखिरकार पांच दिन बाद मंगलवार को नैनीताल को जिला पंचायत अध्यक्ष अध्यक्ष मिल ही गया। जिला पंचायत कार्यालय में भाजपा प्रत्याशी दीपा दरम्वाल के विजयी होने की घोषणा के साथ एआरओ विवेक राय ने उन्हें जीत का प्रमाणपत्र सौंपा। उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी देवकी देवी ने जीत दर्ज की। दीपा जिले की 22वीं जिपं अध्यक्ष बनीं हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में 14 अगस्त को नैनीताल का चुनाव हुआ। मतदान के दौरान जिपं सदस्यों के अपहरण कांड के चलते हाईकोर्ट के निर्देश पर वोटिंग की समयावधि बढ़ाई गई। शाम बजे तक 27 में से 22 जिपं सदस्यों ने वोट किया। आयोग से मतगणना व अग्रिम दिशा-निर्देश न मिलने के चलते देर रात्रि तक जिपं कार्यालय छावनी में तब्दील रहा। आयोग के निर्देश पर 15 अगस्त की तड़के लगभग चार बजे मतगणना हुई। आब्जर्वर की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के बीच अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी दीपा दरम्वाल एक वोट से विजयी रहीं। दीपा को 11, कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा नेगी को दस और एक वोट निरस्त हुआ। उपाध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी बहादुर नगदली और कांग्रेस प्रत्याशी देवकी देवी को बराबर दस मत मिले। बराबर वोट के चलते लॉटरी सिस्टम से कांग्रेस प्रत्याशी देवकी देवी ने बाजी मारी। हाईकोर्ट में मामला लंबित होने व आयोग के अग्रिम दिशा-निर्देशों के चलते परिणाम सीलबंद लिफाफे में रख दिए गए थे।
आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने त्वरित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष प्रत्याशियों को मंगलवार को उनके समक्ष मतगणना व विजेता को प्रमाण पत्र देने के तय कार्यक्रम के लिए व्यक्तिगत पत्र भेजे। दोपहर लगभग 12 बजे भाजपा प्रत्याशी दीपा दरम्वाल, उपाध्यक्ष प्रत्याशी बहादुर सिंह नगदली कोषाधिकारी कार्यालय पहुंचे। कांग्रेस के दोनों प्रत्याशी इस दौरान नहीं रहे। दोपहर 12:15 बजे कोषाधिकारी कार्यालय के डबल लॉक से मतपेटी को सुरक्षा के साथ कार्यालय लाया गया जहां मतगणना के बाद दीपा दरम्वाल को अध्यक्ष और देवकी देवी को उपाध्यक्ष पद पर विजयी घोषित किया गया। एआरओ की ओर से दीपा को जीत का प्रमाणपत्र दिया गया। देवकी देवी प्रमाण पत्र लेने नहीं पहुंचीं। इस दौरान कोषाधिकारी कार्यालय समेत परिक्षेत्र छावनी में तब्दील रहा। यहां कई परगनाधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी रहे।
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत 14 अगस्त को आयोग के आदेश पर निर्वाचन प्रक्रिया दो घंटा बढ़ाने के साथ मतगणना कराई गई। चुनाव परिणाम अनंतिम रखे गए थे। आयोग की ओर से उत्तर प्रदेश जिप अध्यक्ष उपाध्यक्ष विवादों का निपटारा नियम 1994 के प्रावधान 26 एवं 28 के तहत दिए दिशा-निर्देश पर प्रत्याशियों को सूचना भेजी गई। मंगलवार को नियत समय पर विजेताओं को जीत के प्रमाणपत्र बांटे गए।
विवेक राय, एआरओ
हल्द्वानी, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम़्बाल। अमर उजाला