कोटाबाग। बाजपुर से कोटाबाग घूमने आए दो युवकों की बाइक की कार से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को सीएचसी कोटाबाग पहुंचाया, जहां से उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद एसटीएच रेफर कर दिया गया।
बाजपुर निवासी वीरेंद्र शर्मा (22) पुत्र लक्ष्मी चंद्र शर्मा और रोहित प्रजापति (20) पुत्र राजू प्रजापति रविवार को बाइक (यूपी 21 सीआर 2124) से घूमने के लिए कोटाबाग आए हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उनकी बाइक की रफ्तार बहुत तेज थी।
नवज्योति पब्लिक स्कूल के पास बाइक सामने से आ रही कार (यूके 19 टीए 1403) से टकरा गई। हादसे में दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोट आई। दोनों घायलों को कोटाबाग सीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद एसटीएच रेफर कर दिया गया। सूचना पर दोनों युवकों के परिजन एसटीएच पहुंच गए थे। संवाद