रामनगर (नैनीताल)। स्टेट हाईवे पर बृहस्पतिवार रात हुए हादसे दो बाइकों पर सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बाइकों के चालक रेस लगा रहे थे। वाहन पर काबू नहीं होने से एक बाइक पेड़, जबकि दूसरी पैराफिट से जा टकराई। हादसे के घायलों का हल्द्वानी में इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिजनों का कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार आधी रात करीब 12 बजे दो अपाचे बाइकों पर सवार 16 वर्षीय मोहित पुत्र अम्बादत्त भट्ट निवासी बैलपड़ाव, 27 वर्षीय नमन पुत्र राजेंद्र सुयाल निवासी आईआरबी बैलपड़ाव, 22 वर्षीय यश मेहता पुत्र महेंद्र प्रताप निवासी बैलपड़ाव, 18 वर्षीय मंयक पुत्र जितेंद्र सिंह राना आईआरबी बैलपड़ाव, 24 वर्षीय मनोज पुत्र देव सिंह निवासी बैलपड़ाव, 35 वर्षीय गौरव कांडपाल पुत्र कैलाश चंद्र निवासी गैबुुआ बैलपड़ाव से रामनगर की ओर आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकों में रेस चल रही थी। करीब सवा 12 बजे छोई में मंदिर के पास मोड़ पर एक बाइक असंतुलित होकर पेड़ से तो दूसरी पैरापिट से जा टकराई। हादसे में नमन और मोहित की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि यश की हल्द्वानी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। हादस में घायल मनोज, गौरव और मयंक को 108 एंबुलेंस से रामनगर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, हालत नाजुक होने पर सभी को हल्द्वानी रेफर कर दिया। हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में तीनों को इलाज चल रहा है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि दोनों बाइकों में सवार युवक आपस में रेस लगा रहे थे। किसे ने भी हेलमेट नहीं पहना था।
पोस्टमार्टम हाउस में गमगीन रहे परिजन
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवकों का पोस्टमार्टम किया है। इस दौरान तीन बच्चों के पिता की आंखें नम थीं। पिता अंबादत्त भट्ट ने बताया कि मोहित रात नौ बजे दोस्तों के साथ जाने की बात कहकर गया था। तब उसने एक घंटे में आने का वादा किया था। रात करीब 12 बजे नींद खुली तो बेटा घर नहीं पहुंचा था। करीब आधा घंटे बाद घर में पुलिसकर्मी पहुंचे और उन्होंने हादसे की मनहूस खबर दी। रोजाना उसे रात को जाने से रोकता था, लेकिन बृहस्पतिवार रात ही उसे नहीं रोका। इसका गम जिंदगीभर सालता रहेगा।
प्लाटून कमांडर का बेटा घायल
इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) के प्लाटून कमांडर देव सिंह का बेटा भी बाइक में सवार छह युवाओं में शामिल था। हादसे में घायल होने के बाद हल्द्वानी में उसका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद सभी के परिजन इलाज के लिए हल्द्वानी पहुंच गए।
नहीं पहना था हेलमेट
बताया जा रहा है कि युवकों ने बाइक रेस लगाने से पहले पार्टी भी की थी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बाइक सवारों ने हेलमेट भी नहीं पहना था। अगर बाइकसवारों ने हेलमेट पहना होता तो शायद उनकी जान बच जाती।
रामनगर हादसा मृतक नमन सुयाल का फाइल फोटो। अमर उजाला- फोटो : RAMNAGAR
:मनगर हादसा मृतक मोहित भट्ट का फाइल फोटो। अमर उजाला- फोटो : RAMNAGAR