भट्ट कालोनी में शनिवार को पेयजल आपूर्ति ठप होने से दो दर्जन से अधिक परिवारों को बूंद के लिए तरसना पड़ा। शिकायत आने पर जल संस्थान ने टैंकर भेजकर आपूर्ति कराई। वहीं, लाइन नंबर चार, पांच, छह और आठ में गंदा पानी आने से भी लोग खासे परेशान रहे।
तेजपुर नेगी और लालकुआं के नलकूप की मोटर फुंकने से हजारों परिवार पेयजल संकट झेल रहे हैं। लालकुआं का नलकूप ठीक होने के बावजूद वोल्टेज की समस्या के कारण नहीं चल पा रहा है। शनिवार को भट्ट कालोनी में सुबह से ही पानी नहीं आया। दोपहर बाद जल संस्थान कार्यालय में अधिकारियों के नंबर घनघनाने लगे और लोगों ने जल संकट की शिकायत की।
सहायक अभियंता आरपी डोबवाल ने बताया कि शिकायत मिलते ही टैंकर भेजकर आपूर्ति कराई। वहीं आजाद नगर लाइन नंबर चार, पांच, छह और आठ में भी गंदे पानी की आपूर्ति होने से लोग परेशान रहे। डोबवाल ने बताया कि लाइनों को चेक कराया जाएगा। लीकेज होने पर भी गंदा पानी जाने की आशंका होती है। उन्होंने बताया कि तेजपुर नेगी में काम शुरू हो गया है और दस दिनों में ट्यूबवेल की मोटर ठीक होने की संभावना है।