नैनीताल। बीडी पांडे अस्पताल में बीते दिनों रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने सके बाद से अल्ट्रासाउंड सेवा चरमरा गई थीं। विभाग की ओर से अस्थायी व्यवस्था के तौर पर रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था की गई थी, लेकिन अब अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की स्थायी तैनाती कर दी गई है।
बीडी पांडे अस्पताल से रेडियोलॉजिस्ट डाॅ. हर्षवर्धन पंत दो वर्ष के लिए शैक्षिक अवकाश पर चले गए हैं। इस कारण तीन दिन तक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड नहीं हो पाए थे। मरीजों के हंगामे के बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से सीएमओ व स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं से पत्राचार के बाद अस्पताल में अस्थायी रूप से रेडियोलॉजिस्ट को नियुक्त कर व्यवस्था बनाई गई।
वहीं विभाग की ओर से चंपावत से स्थायी रेडियोलॉजिस्ट को नैनीताल तैनाती दिए जाने की प्रक्रिया पर कार्य किया जा रहा था। प्रभारी पीएमएस डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल ने बताया कि चंपावत जिला अस्पताल से रेडियोलॉजिस्ट डॉ. गौरव जोशी की बीडी पांडे अस्पताल में स्थायी तैनाती हो चुकी है, जिसके बाद से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच की जा रही है। संवाद