भीमताल (नैनीताल)। भीमताल से लेकर भवाली तक गड्ढायुक्त सड़कें लोगों की मुसीबत का सबब बनी हैं। स्थानीय लोगों की मांग के बावजूद विभागीय अधिकारियों ने इक्का दुक्का स्थानों पर गड्ढा भरान तो कराया लेकिन अधिकतर स्थानों पर सड़कें गड्ढायुक्त ही बनी हुई हैं। ऐसे में सबसे अधिक दिक्कतें दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सड़कों की दशा में सुधार नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा।
भीमताल-रानीबाग रोड, भीमताल नगर में ठंडी सड़क, मंदिर मार्ग, डांठ से मल्लीताल को जाने वाली सड़क, भीमताल-नौकुचियाताल रोड, भीमताल-भवाली रोड पर कई जगह गड्ढे पड़े हैं। भवाली में रामगढ़ रोड से लेकर समूचे बाजार के बीच से होकर जाने वाली सड़क गड्ढों में खोने लगी है। भवाली चौराहे से सैनिटोरियम तक की सड़क में तो डामर इस कदर उखड़ चुका है कि कई जगह सड़क ने नालियों का रूप ले लिया है।
सैनिटोरियम की ओर अधिकतर मोड़ों में सड़क बुरी तरह से उखड़ी है। पिछले दिनों लोनिवि ने भवाली बाजार, काली मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में गड्ढों का भरान कराया लेकिन अन्य क्षेत्रों में सड़क के गड्ढे नहीं भरे जा सके हैं। इन गड्ढायुक्त सड़कों के कारण स्कूली बच्चों, राहगीरों, स्थानीय लोगों, कारोबारियों आदि को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार सड़कों से उखड़े डामर, सड़क पर फैली डामरयुक्त रोड़ी के कारण दोपहिया वाहन रपट रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। क्षेत्र के लोगों ने विभागीय अधिकारियों से सड़कों की दशा में सुधार कराने की मांग की है।