हल्द्वानी। शहर के अधिकांश बरातघरों में पार्किंग के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण अब शाम ढलते ही शहर की सड़कें जाम होने लगी हैं। बैंक्वेट हॉल के आसपास सड़कों के दोनों ओर बरातियों के वाहनों के खड़े होने और सड़कों के बीचोबीच बैंडबाजा बजने से अधिकांश सड़कों पर घंटों तक जाम लग रहा है। इससे लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कुमाऊं के सबसे बड़े महानगर में अधिकांश बैंक्वेट हॉल रामपुर रोड, नैनीताल रोड, बरेली रोड, आईटीआई रोड और मंडी बाईपास के किनारे हैं। हर साल पुलिस और प्रशासन के अधिकारी सहालग से पहले ही बरातघर संचालकों के साथ बैठक कर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करवाने के निर्देश देते हैं। इसके बावजूद धरातल पर इन निर्देशों पर अमल नहीं होता है। शाम सात बजे के बाद अधिकांश बरातें बैंक्वेट हॉल की ओर रवाना होती हैं। एक बरात को मंजिल तक पहुंचने में दो से ढाई घंटे लगते हैं। तब बरातघरों के आसपास न तो यातायात पुलिस होती है और न ही सीपीयू। सोमवार देर शाम करीब साढ़े नौ बजे रामपुर रोड पर एक के बाद एक चार-पांच बरातें सड़कों पर आ-जा रही थीं। बराती बैंड बाजे की धुन पर झूम रहे थे और वाहन रेंगने को मजबूर थे। ऐसे में कई बार एंबुलेंस भी जाम में फंसती हुई दिखीं। इसके बावजूद न तो प्रशासन इस पर ध्यान दे रहा है और न ही पुलिस।