हल्द्वानी। नैनीताल के बलियानाले में भूस्खलन और भू-धंसाव रोकने के लिए 298 करोड़ रुपये का ट्रीटमेंट कार्य 92 फीसदी पूरा कर लिया गया है। शेष आठ फीसदी कार्य अगले साल जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य है।
सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता संजय शुक्ल ने बुधवार को विभाग और निर्माणदायी संस्था के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने शेष आठ प्रतिशत काम की प्रगति की समीक्षा की। मुख्य अभियंता ने बताया कि पुराने कार्यों में बदलाव की सूचना देने और काम का रिकॉर्ड व वीडियो बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्याें की लगातार निगरानी की जा रही है। अगली बारिश से पहले सभी जरूरी काम पूरे किए जाएंगे। निर्माण कार्य में 15 दिन में होने वाले परिवर्तनों की समीक्षा अधीक्षण स्तर से की जाएगी।
गौलापार स्टेडियम में पहले चरण का कार्य पूरा
गौला नदी से गौलापार स्टेडियम परिसर में हो रहे भूकटाव को रोकने के लिए पहले चरण का कार्य पूरा हो गया है। इस परियोजना पर 26 करोड़ रुपये की लागत थी। मुख्य अभियंता संजय शुक्ल ने बताया कि इस कार्य से स्टेडियम की लगभग दो हेक्टेयर जमीन को रिकवर किया गया है। मानसून के बाद दूसरे चरण का काम शुरू होगा। मुख्य अभियंता ने सिंचाई नहरों पर बढ़ते अतिक्रमण पर गहरी नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंताओं को हर सप्ताह कम से कम दो नहरों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।