हल्द्वानी। एग्जिट पोल में नतीजे आने के बाद राजनीतिक गलियारों में 23 दिन बाद फिर हलचल मच गई। कांग्रेस उत्तराखंड में बहुमत और हल्द्वानी विधानसभा सीट पर जीत को लेकर गुणा-भाग में जुट गई। वित्त मंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश के घर सुबह से ही समर्थकों का जमावड़ा लगने लगा और सरकार को लेकर माथापच्ची की गई। साथ ही एग्जिट पोल को कोरी कल्पना बताकर नकार दिया।
शुक्रवार शाम से ही एग्जिट पोल आने शुरू हो गया था। एग्जिट पोल पांच प्रांतों में से चार में भाजपा को बहुमत दिखा रहे हैं। एग्जिट पोल ने सियासी गलियारों में जीत-हार के समीकरण की समीक्षा करने और सरकार बनाने के लिए जादुई आंकड़े पर चर्चा करने के लिए विवश कर दिया। डॉ. हृदयेश के आवास पर शुक्रवार सुबह से ही समर्थकों का जमावड़ा लगने लगा।
समर्थक एवं कार्यकर्ता भारी संख्या में पहुंच गए। उत्तराखंड की सभी 70 सीटों पर विधानसभावार समीक्षा की गई। डॉ. हृदयेश ने कहा कि एग्जिट पोल ने बिहार और दिल्ली में कुछ और बताया था मगर परिणाम उलट आए थे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सरकार बनाने के लिए 36 सीटों की जरूरत है और कांग्रेस को 35 से 37 सीटें मिलने का अनुमान है। कहा कि हल्द्वानी विधानसभा कांग्रेस जनता के आशीर्वाद से 2012 में 24 हजार से जीती थी। मतदाताओं से चर्चा के बाद ऐसा लग रहा है कि 2012 से बड़ी जीत इस बार होगी।