नैनीताल। तल्लीताल कोयला टाल भूमि पर पार्किंग निर्माण करने के लिए डीडीए ने अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। जिला प्रशासन, डीडीए व नगर पालिका की संयुक्त टीम ने पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण ध्वस्तीकरण किया। लोगों के विरोध के बाद भी प्राधिकरण की टीम ने अवैध निर्माणों को तोड़ दिया।
तल्लीताल कोयला टाल में प्राधिकरण की ओर से मैकेनाइज्ड पार्किंग का निर्माण किया जाना है। बीते वर्ष 34 करोड़ के प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद प्राधिकरण ने भूमि को खाली कराने की कवायद शुरू की। उर्जा निगम की ओर से बिजली और जल संस्थान की ओर से कनेक्शन काटने पर लोगों ने विरोध किया तो टीम को वापस लौटना पड़ा था। इसके बाद नगर पालिका व प्राधिकरण की ओर से नोटिस जारी कर 20 परिवारों को भूमि से संबंधित दस्तावेज पेश करने को कहा गया था। एक वर्ष बीतने के बाद भी भूमि में स्वामित्व संबंधित दस्तावेज कब्जेदार नहीं दिखा सके। इसके चलते बृहस्पतिवार को प्राधिकरण सचिव विजयनाथ शुक्ल, एसडीएम नवाजिश खलिक की अगुवाई में डीडीए, नगर पालिका व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
अतिक्रमणकारियों को सामान खाली कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए लेकिन लोगों ने आवासों को खाली करने से मना कर दिया। टीम ने कई अवैध निर्माणों पर हथौड़े बरसा दिए। जब लोगों ने घरों को टूटता देखा तो वह खुद भी सामान हटाने लगे। डीडीए सचिव ने बताया कि एक साल में सूचीबद्ध 20 लोगों में से एक भी व्यक्ति भूमि में स्वामित्व संबंधित दस्तावेज पेश नहीं कर सका। भूमि नगर पालिका की है जिस पर पार्किंग का निर्माण प्रस्तावित है। अतिक्रमण हटाने की शुरूआत कर दी गई है। जल्द ही अतिक्रमण हटा लिया जाएगा।
पालिका आवासों में विस्थापन किया जाएगा
अतिक्रमण हटाने के दौरान लोगों ने बारिश के दौरान अन्यत्र विस्थापित होने पर चिंता जताई। लोगों ने कहा कि बिना सूचना दिए प्राधीकरण ने मकानों को तोड़ दिया है। बरसात के दौरान उनको दिक्कतें झेलनी पड़ेंगी। प्राधिकरण सचिव ने लोगों को आश्वासन दिया कि सभी लोग नगर पालिका के दुर्गापुर स्थित आवासों में रह सकते हैं। इसके अलावा नैनीताल में भी यदि वह किराये में रहना चाहें तो छह माह का किराया प्राधिकरण की ओर से दिया जाएगा।