रेलवे स्टेशन पर टिकट के लिए अब लाइन लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पूर्वोत्तर रेलवे ने कुमाऊं के स्टेशनों पर ऑटो मैटिक टिकट वेडिंग मशीन (एटीवीएम) लगाने का फैसला लिया है। इसमें स्मार्ट कार्ड के जरिये यात्री आसानी से टिकट बनवा सकेंगे।
रेलवे ने यात्रियों को आधुनिक सेवाओं को देने का फैसला किया है। इसी के तहत रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का लाइन के झंझट से बचाने के लिए एटीवीएम मशीन लगाने का निर्णय लिया है। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के सीनियर डीसीएम आरसी श्रीवास्तव ने बताया कि इस मशीन को बरेली, लखनऊ आदि जगह लगाया गया है।
अब रेलवे की इस मशीन को कुमाऊं में काठगोदाम, हल्द्वानी, लालकुआं आदि स्टेशनों पर लगाने की योजना है। इस मशीन से टिकट बनवाने के लिए लोगों को पहले रेलवे के जरिये स्मार्ट कार्ड बनवाने के संबंध में अपनी आवश्यकता अनुसार राशि जमा करनी होगी। फिर इस स्मार्ट कार्ड के जरिये स्टेशनों पर लगे एटीवीएम से टिकट बनवा सकेंगे।
रेलवे अधिकारियों के एटीवीएम मशीन टच स्कीन पर आधारित होता है, जिसके आधार पर यात्रियों को डिस्पले स्कीन पर आए नक्शे पर रूट और जगह के विकल्प को भरना होगा। फिर प्रिंट का विकल्प देने के बाद टिकट छपकर एटीएम मशीन की तर्ज पर बाहर आ जाएगा। यह तकनीक बेहद सरल और त्वरित है। यात्री को स्मार्ट कार्ड को भी रिचार्ज कराना होगा।