अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति-2017 परीक्षा को लेकर कुमाऊं के छात्रों में खूब उत्साह देखने को मिला। रविवार को आयोजित परीक्षा में 406 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इनमें 9 वीं से 12 वीं तक के छात्र शामिल हैं। कुमाऊं के दूरदराज क्षेत्रों से छात्र-छात्राएं परीक्षा देने पहुंचे थे।
कैनाल रोड, हाइडिल गेट स्थित इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में रविवार को सुबह साढ़े दस बजे परीक्षा शुरू होनी थी लेकिन परीक्षा के लिए सुबह नौ बजे से ही छात्र-छात्राओं के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था।
परीक्षा में शामिल होने के लिए हल्द्वानी के साथ-साथ पिथौरागढ़, चंपावत, काशीपुर, नैनीताल, रुद्रपुर, नानकमत्ता, सितारगंज, किच्छा, भीमताल, रामनगर, कालाढूंगी आदि दूर दराज इलाकों से छात्र-छात्राएं अपने अभिभावक के साथ पहुंचे थे। प्रात: साढ़े नौ बजे सेे विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।
प्रत्येक छात्र सफलता हासिल करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता था। एक ही पाली में प्रात: साढ़े दस बजे से 9 वीं, 10 वीं, 11 वीं और 12 वीं के छात्र-छात्राओं की परीक्षा शुरू हुई जो कि दोपहर 12 बजे समाप्त हुई। परीक्षा में विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे गए।
इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया, प्रधानाचार्य अनुराग माथुर, कुबेर सिंह, दीप चंद्र जोशी, जीवन चंद्र जोशी, जीवन भट्ट, भावना भट्ट, नीलम भट्ट, आकृति, पीसी जोशी आदि का परीक्षा के आयोजन में सहयोग रहा।