कालाढूंगी। कालाढूंगी-रामनगर मुख्य हाईवे पर कमोला में स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा के बाहर स्थित एटीएम में रविवार रात सेंधमारी की कोशिश की गई। गनीमत रही कि चोर एटीएम से कैश नहीं ले जा सके और पकड़े जाने के डर से शटर गिराकर भाग निकले। सीसीटीवी में एक नकाबपोश भी कैद हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सोमवार सुबह लोग घूमने के लिए निकले। लोगों ने देखा कि बैंक ऑफ बड़ौदा की कमोला शाखा के बाहर स्थित एटीएम के ताले टूटे पड़े हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने मौके पर पहुंचकर बैंक प्रबंधक और अन्य से घटना की जानकारी ली। बैंक और आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज को देखा गया। पुलिस ने देखा कि एटीएम के ताले गैस कटर से काटे गए हैं। एटीएम के अंदर छेड़छाड़ करने के साथ अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में स्प्रे भी डाला गया जिससे कि उनकी पहचान न हो सके। हालांकि चोर एटीएम के कैश ट्रे तक नहीं पहुंच सके। आशंका है कि वारदात के दौरान किसी के वहां से गुजरने पर पकड़े जाने के डर से आरोपी भाग निकले। चोरों ने बचने के लिए एटीएम के बाहर स्थित राशन की दुकान पर भी स्प्रे किया था। कालाढूंगी पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई हुई है।
नहीं रखा जा रहा चौकीदार
कालाढूंगी। बैंक ऑफ बड़ौदा की कमोला शाखा में चोरी की कोशिश हो चुकी हैं। इसके बाद भी यहां चौकीदार न रखा जाना हैरानी भरा है। यह बैंक कालाढूंगी थाने से तकरीबन छह किलोमीटर दूर है। चौकीदार न रखने पर पुलिस की ओर से बैंक को चौकीदार रखने बाबत नोटिस भी दिया जा चुका है।