नैनीताल। नैनीताल में मुक्केबाजों के भविष्य पर चिंतित खेलप्रेमियों और प्रशिक्षकों ने आवाज उठानी शुरू कर दी है। नैनीताल बॉक्सिंग एसोसिएशन और एनसीएस बॉक्सिंग एकेडमी ने संयुक्त रूप से शहर में स्थायी बॉक्सिंग रिंग स्थापित करने की पुरजोर मांग की है।
एसोसिएशन के सचिव नवीन टम्टा और एनसीएस बॉक्सिंग एकेडमी के अध्यक्ष अजय का कहना है कि नैनीताल जैसे खेल संपन्न क्षेत्र से बॉक्सिंग रिंग का बाहर जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संसाधनों के अभाव में स्थानीय युवा मुक्केबाजों को अभ्यास करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार रिंग न होने के कारण खिलाड़ियों को वह तकनीकी अनुभव नहीं मिल पा रहा है जो प्रतियोगिता जीतने के लिए आवश्यक है। पदाधिकारियों ने कहा कि बॉक्सिंग रिंग की स्थापना से न केवल वर्तमान खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा बल्कि यह आने वाली पीढ़ी के लिए भी एक मजबूत आधार तैयार करेगा। सचिव नवीन टम्टा ने कहा कि वह जल्द ही जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे।