हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने स्वरोजगार करने के इच्छुक युवाओं के लिए नया कोर्स शुरू कर दिया है। केंद्र की होम स्टे योजना को आगे बढ़ाते हुए विश्वविद्यालय में असिस्टेंट होम स्टे मैनेजर के लिए प्रवेश शुरू हो चुके हैं। यह कोर्स ऑनलाइन है और इसे कोई भी कर सकता है।
कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने बताया कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में असिस्टेंट होम स्टे मैनेजर कोर्स खोलने का उद्देश्य छात्रों को होम स्टे मैनेजमेंट के क्षेत्र में प्रशिक्षित करना है। यहां पर्यटन से जुड़े उद्योगों में काफी संभावनाएं हैं। कोर्स के लिए प्रवेश शुरू हो चुके हैं। नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी से मान्यता प्राप्त है। कोर्स में आवेदन करने के लिए उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं या फिर विवि में संपर्क कर सकते हैं।