भवाली (नैनीताल)। रामगढ़ ब्लॉक में शनिवार को सांसद अजय भट्ट ने विकास योजनाओं और मल्टी स्पेशलिटी वैन का उद्घाटन किया। उन्होंने 4.79 करोड़ रुपये से रामगढ़ ब्लॉक के ओड़ाखान, दाड़िमा, पश्यापानी, कसियालेख और भटेलिया को धारी ब्लॉक तक जोड़ने वाली सड़क पर डामरीकरण कार्य का शिलान्यास किया।
भट्ट ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बनी सड़क पर डामरीकरण की मांग लंबे समय से चल रही थी। लगभग 12 किमी लंबी सड़क के बन जाने से ग्रामीणों को लाभ होगा। वहीं प्यूड़ा में भट्ट ने आरोही संस्था की मल्टी स्पेशलिटी वैन का उद्घाटन किया। जिसमें गर्भवती महिलाओं सहित अन्य लोगों की सभी प्रकार की जांचे बेहद कम दरों पर की जाएंगी। सांसद ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार छात्रों को मेडल देकर सम्मानित किया।
उन्होंने ऊर्जा निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को क्षेत्र में शिविर लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को हल करने के निर्देश दिए। पारित हुए कृषि विधेयकों पर कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हितों में काम कर रही है। विधायक राम सिंह कैड़ा ने सांसद से मानकों को सरल करते हुए स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग की। इस दौरान विधायक संजीव आर्य, जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, मंडी समिति अध्यक्ष मनोज शाह, आरोही संस्था के अध्यक्ष डॉ. कर्नल चंद्रशेखर पंत, डॉ. पंकज तिवारी, कुंदन चिलवाल, प्रकाश आर्य, शिवांशु जोशी, पीसी गोरखा, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट, आशा रानी, पूरन मेहरा गोपाल रावत, राकेश नैनवाल, रमेश सुयाल, दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, वीरेंद्र आर्य, भुवन आर्य आदि मौजूद रहे।
हाथरस की घटना पर जताया दुख
सांसद अजय भट्ट ने हाथरस की घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिलेगा। वह पीड़ित परिवार के साथ हैं और घटना से व्यक्तिगत रूप से बेहद दुखी हैं। आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।