फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nainital News: डामर के दाम आसमान पर, जमीन पर गड्ढे ही गड्ढे

Fri, 27 Nov 2026 01:38 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, नैनीताल
विज्ञापन
विज्ञापन
बिटुमेन के महंगे होने से ठेकेदारों ने खड़े किए हाथ, 60 किमी से अधिक सड़कों पर डामरीकरण का इंतजार
विज्ञापन


55 हजार रुपये टन वाला बिटुमेन पहुंचा 99 हजार के पार

हल्द्वानी। बिटुमेन की कीमतों में भारी उछाल ने भाबर से तराई तक सड़क निर्माण की रफ्तार थाम दी है। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की करीब 80 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं में 60 किलोमीटर से अधिक सड़कों का डामरीकरण अटक गया है। करीब 11 महीने पहले टेंडर के समय जिस बिटुमेन की कीमत 55 हजार रुपये प्रति टन थी, वह अक्तूबर में बढ़कर 99 हजार रुपये के पार पहुंच गई। कीमतों में इस उछाल से निर्माण लागत का गणित बिगड़ गया है। ठेकेदारों का कहना है कि पुरानी दरों पर काम करना घाटे का सौदा साबित हो रहा है।
लोनिवि हल्द्वानी डिविजन में एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कुछ सड़कों के दोबारा टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। कई ठेकेदारों ने बढ़ी कीमतों के चलते काम शुरू नहीं किया। वहीं, कुछ सड़कों पर अधिकारियों के दबाव में पहले डब्ल्यूबीएम (वाटर बाउंड मैकडम) का काम कराया गया है जबकि अंतिम परत यानी बीसी (बिटुमेन कंक्रीट) का काम बिटुमेन की कीमतें घटने की उम्मीद में रोक दिया गया है।
विज्ञापन

इसका सीधा असर सड़क निर्माण की समयसीमा पर पड़ रहा है। बदहाल सड़कों से गुजरने वाले लोगों को धूल, गड्ढों और आवागमन की परेशानी झेलनी पड़ रही है।

अनुबंध की अवधि खत्म होने से पहले दोबारा टेंडर
मार्च में आमंत्रित किए गए टेंडरों के अनुबंध की समयसीमा दिसंबर में समाप्त हो रही है। ऐसे में ठेकेदार विभाग के चक्कर काट रहे हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, कई ठेकेदारों ने बिटुमेन की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद काम शुरू नहीं किया। वे कीमतें घटने का इंतजार करते रहे। ऐसे कार्यों के लिए दोबारा टेंडर आमंत्रित करने के साथ ही निर्माण की समयसीमा बढ़ाने की तैयारी है।

नगर निगम के वार्डों में भी बदहाल सड़कें
नगर निगम क्षेत्र में भी सड़क निर्माण और पुनर्निर्माण के काम प्रभावित हैं। वार्ड 34 से 60 तक कई सड़कों का पुनर्निर्माण प्रस्तावित है। इन क्षेत्रों में उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) और पेयजल निगम की ओर से पेयजल व सीवरेज संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं। बिटुमेन की बढ़ती कीमतों के चलते सड़क निर्माण में देरी से लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।

इन बड़े प्रोजेक्टों को डामरीकरण का इंतजार
करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 12 किलोमीटर लंबे किच्छा-नगला फोरलेन का काम।
सांसद अजय भट्ट के आवास को जाने वाली दो किलोमीटर लंबी बच्चीनगर सड़क। मोटाहल्दू में पंचायतघर से गौला खनन गेट तक खनन न्यास से बनने वाली दो किलोमीटर सड़क। दीना स्कूल मोटाहल्दू से गौला खनन गेट तक बनने वाली 2200 मीटर लंबी और ढाई करोड़ रुपये की सड़क।
राजपुरा, बनभूलपुरा और सुभाषनगर के आंतरिक और लिंक मार्ग।
दो करोड़ रुपये की लागत वाले कठघरिया-लामाचौड़ स्टेट हाईवे के दो किलोमीटर हिस्से का डामरीकरण।

मुख्यमंत्री के गड्ढामुक्त सड़क के आदेश भी बेअसर
दीपावली से पहले मुख्यमंत्री की ओर से सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए गए थे लेकिन शहर की कई प्रमुख और लिंक सड़कें अब भी बदहाल हैं। जजफार्म, पीलीकोठी, डहरिया, बिठौरिया, बनभूलपुरा, राजपुरा और सुभाषनगर में सड़कों की स्थिति खराब है। वार्ड-51 पीलीकोठी में राज विहार से गैस गोदाम रोड और आरटीओ रोड होते हुए कमलुवागांजा जाने वाला लिंक मार्ग भी गड्ढों से जूझ रहा है। खास बात यह है कि यह सड़क कार्यदायी संस्था यूयूएसडीए के कार्यालय की ओर भी जाती है। वहीं, रूपनगर-आईटीआई रामपुर रोड लिंक मार्ग पर भी गड्ढों में पानी भरा होने से लोगों को परेशानी हो रही है।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार
इस साल बिटुमेन की कीमत
महीना रेट
जनवरी : 55070.60 रुपये
फरवरी : 54740.20 रुपये
मार्च : 60274.60 रुपये
अप्रैल : 89845.20 रुपये
मई : 94565.20 रुपये
जून : 90116.60 रुपये
जुलाई : 91025.20 रुपये
अगस्त : 80712 रुपये
सितंबर : 85278.60 रुपये अक्तूबर : 99072.80 रुपये
-
ठेकेदार बोले
कांट्रेक्टर्स परेशान हैं। ठेका लेते समय जो जो रेट था उसके हिसाब से अब बिटुमेन के दाम दोगुना हो गए हैं। कोई विकल्प नहीं निकला तो काम करना मुश्किल होगा। अन्य प्रदेशों की तरह इसका समाधान किया जाना चाहिए। - रमेश भट्ट, ए क्लास कॉंट्रेक्टर दो से पांच लाख तक वाली सड़कें तो ठेकेदार जैसे-तैसे बना रहे हैं लेकिन बड़े प्रोजेक्ट पर 65 फीसदी बिटुमेन का खर्चा होने से लागत कई अधिक पहुंच गई है। कई ठेकेदारों ने बांड खत्म होने से पहले ही फॉरबिट कर दिया है। - योगेश तिवारी, अध्यक्ष कांट्रेक्टर वेलफेयर सोसायटी
विज्ञापन

कोट-
हल्द्वानी और रुद्रपुर डिविजन में कुछ प्रोजेक्ट के लिए बिटुमेन उपलब्ध न होने के कारण डामरीकरण में देरी हो रही है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। उम्मीद है जल्द ठेकेदार काम शुरू करेंगे। - पीएस बृजवाल, मुख्य अभियंता लोनिवि

फोटो कैप्शन: मुखानी खड़िया फैक्टरी से जज फार्म की ओर जाने वाली सड़क को डामरीकरण का इंतजार। संवाद
फोटो कैप्शन: पीलीकोठी से राज विहार, गैस गोदाम रोड होते हुए आरटीओ कार्यालय की ओर जाने वाला बदहाल लिंक मार्ग। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें