बेस अस्पताल की नेत्र ओपीडी में इन दिनों मरीजों की लंबी लाइन लगी है। हर दिन आंखों के 80 से 100 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा मोतियाबिंद और कमजोर नजर की शिकायत के मामले हैं। रोजाना 4 से 5 मोतियाबिंद के नए मामले सामने आ रहे हैं। दीपावली के बाद से तो हालात और बिगड़ गए हैं।
बेस अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय जोशी का कहना है कि ठंड शुरू होते ही मोतियाबिंद के मरीज बढ़ जाते हैं। बुजुर्गों में ये समस्या सबसे ज्यादा है। धुंधला दिखना, रोशनी में चौंध लगना, बार-बार चश्मे का नंबर बदलना, यही मोतियाबिंद के शुरुआती लक्षण हैं। लोग इसे बुढ़ापे की कमजोरी समझकर टाल देते हैं और जब आंख पूरी तरह सफेद हो जाती है, तब अस्पताल आते हैं।
डॉ. जोशी ने बताया कि दीपावली के दौरान पटाखों से आंख जलने के 5-6 मरीज आए हैं। किसी की आंख में चिंगारी गई, किसी की पुतली झुलस गई। डॉ. जोशी के अनुसार मोबाइल, टीवी और कंप्यूटर की स्क्रीन से आंखों पर लगातार दबाव। धूप, धूल और प्रदूषण से आंखों में संक्रमण। डायबिटीज और ब्लड प्रेशर के मरीजों में आंखों की बीमारी तेजी से बढ़ना। बच्चों में कमजोर नजर और बुजुर्गों में मोतियाबिंद अब आम हो गया है।
डॉ. जोशी कहते हैं, मोतियाबिंद का इलाज सिर्फ ऑपरेशन है, कोई दवा या चश्मा इसे ठीक नहीं कर सकता। अब ऑपरेशन 10-15 मिनट का होता है। लेंस डालकर मरीज उसी दिन घर चला जाता है। डरने की जरूरत नहीं, देर करने से नुकसान है। अगर मोतियाबिंद पक जाए तो ऑपरेशन मुश्किल हो जाता है।