नैनीताल। नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल में सुविधाएं बढ़ीं तो ऑपरेशन कराने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ गई। सर्जनों ने बीते छह माह में 700 से ज्यादा लोगों के ऑपरेशन किए हैं। जल्द ही अस्पताल में दोबारा दूरबीन विधि से भी सर्जरी शुरू कर दी जाएगी।
बीडी पांडे अस्पताल में रोजाना लगभग 500 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ओपीडी के साथ ही अस्पताल में लगातार सर्जरी भी की जाती है। बीते जनवरी से जून तक छह माह में बीडी पांडे अस्पताल में कुल 734 मरीजों की सर्जरी की गई है। इससे मरीजों को सरकारी शुल्क में लाभ मिल रहा है जबकि आयुष्मान कार्ड वाले मरीजों को सर्जरी का कोई शुल्क नहीं देना पड़ता।
ये हुए ऑपरेशन
जनरल पेट से संबंधित 66 मेजर व 139 माइनर ऑपरेशन
हड्डी के 36 मेजर व 67 माइनर ऑपरेशन
ईएनटी के 57 मेजर व 164 माइनर ऑपरेशन
आंख में मोतियाबिंद व अन्य 205 सफल ऑपरेशन
बीडी पांडे अस्पताल के इन सर्जनों ने किए ऑपरेशन
बीडी पांडे अस्पताल में जनरल सर्जरी, हड्डी, ईएनटी व आंख के ऑपरेशन करने के लिए सर्जन सेवा दे रहे रहे हैं। पीएमएस डॉ. टीके टम्टा ने बताया कि अस्पताल में पेट संबंधित सर्जरी सर्जन डॉ. वीके मिश्रा व डॉ. प्रशांत ओली, हड्डी संबंधित सर्जरी डॉ. नरेंद्र रावत, आंखों से संबंधित सर्जरी डॉ. दीपिका लोहनी, ईएनटी सर्जरी डॉ. मोनिका कांडपाल कर रही हैं।
पीएमएस, डॉ. टीके टम्टा ने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर इलाज देने की कोशिश की जाती है। अस्पताल में बीते छह माह में 100 प्रतिशत सफल ऑपरेशन किए गए हैं। अब दूरबीन विधि से भी दोबारा ऑपरेशन शुरू कर दिए जाएंगे।