हल्द्वानी। एसटीएच में मारपीट के मामले में कांग्रेस पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। आरोप लगाया कि तीमारदारों पर हमले के लिए डॉक्टर दोषी हैं। कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश नैनवाल के नेतृत्व में एआईसीसी सदस्य सुमित हृदयेश, प्रदेश कांग्रेस के महासचिव महेश शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह के कार्यालय पहुंचे। नेताओं ने 12 जुलाई की रात सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में हुई मारपीट की घटना के संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट को एक ज्ञापन सौंपा। बताया कि मरीज का इलाज कराने के लिए गए तीमारदार उमेश बधानी और दीवान सिंह बिष्ट पर डॉक्टरों ने जानलेवा हमला किया था। आरोप लगाया कि जूनियर डॉक्टर मरीजों और तीमारदारों के साथ हमेशा दुर्व्यवहार करते हैं, लेकिन उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है। कांग्रेस नेता महेश शर्मा, सुमित हृदयेश ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में युवा डॉक्टरों की गुंडागर्दी और हिंसक वारदात साफ दिख रही है। फिर भी तीमारदारों पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के ख़िलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो कार्यकर्ता न्याय के लिए डीएम और एसएसपी का घेराव करने के लिए मजबूर होंगे। ज्ञापन देने वालों में नगर अध्यक्ष राहुल छिमवाल, हेमंत बगडवाल, भोला भट्ट, हरेंद्र बोरा, संजय किरौला, सतनाम सिंह, कुंदन बोरा, प्रदीप नेगी, ललित जोशी, जया कनार्टक, मोनिका सती, शशि वर्मा, नीमा भट्ट, गीता पंत, हुकुम सिंह कुंवर आदि थे।