सेना भर्ती में शामिल होने के लिए बुधवार को अल्मोड़ा मूल के 5537 युवा हल्द्वानी पहुंचे। दौड़ में 800 युवा सफल हुए।
जांच और दौड़ के बाद काफी संख्या में युवा भर्ती से बाहर हो गए। वहीं, देर रात छोटे गेट से घुसते समय भीड़ ने सेना की जर्जर बाउंड्री तोड़ दी।
मंगलवार देर रात दो बजे सेना ने अल्मोड़ा मूल के रहने वाले युवकों के ग्राउंड में प्रवेश के लिए छोटा गेट खोला, लेकिन भीड़ ज्यादा होने के कारण छोटे गेट से अंदर घुसना मुश्किल था।
मौके पर उपस्थित पुलिस कर्मियों ने सैनिकों से बड़ा गेट खोलने का अनुरोध किया, लेकिन जवानों ने अधिकारियों का हवाला देते हुए ऐसा करने से मना कर दिया।
भीड़ के दबाव में सीवर का एक भाग टूट गया तो युवक बचने के लिए सेना की बाउंड्री की तरफ भागने लगे। भीड़ से बाउंड्री टूट गई।
एसपी सिटी यशवंत सिंह चौहान ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तिकोनिया चौराहे तक लाइन लगा दी थी। इसके बाद बड़ा फाटक खुलने पर युवक आराम से अंदर दाखिल हुए।
जांच के दौरान कुछ युवकों को सैनिक अधिकारियों ने बाहर कर दिया। इसके बाद दौड़ में भी बड़ी संख्या में युवा फेल हो गए। सेना के अधिकारियों ने असफल युवकों को तत्काल बाहर कर दिया।
युवकों की भीड़ के चलते बुधवार को तिकोनिया रोड पर मेला जैसा नजारा रहा। सेना के कर्नल कृष्ण सिंह बधवार ने बताया कि 5537 युवक भर्ती में आए। इसमें 4863 ने दौड़ लगाई, जबकि 1358 अनुपस्थित रहे।