एडीएम ने लालकुआं तहसील में छापा मारा तो तमाम अव्यवस्थाएं उजागर हो गईं। तहसीलदार समेत कई कर्मचारी मौके से नदारद थे। कुर्सियां खाली पड़ी थीं, फरियादी भटक रहे थे।
अरायजनवीसों के बस्ते की पड़ताल की गई तो उनमें सरकारी दस्तावेज देख एडीएम भी भौचक्के रह गए। 72 प्रमाण पत्र बरामद किए गए। तत्काल तहसीलदार को तलब किया गया, लेकिन वह भी कोई जवाब नहीं दे सके।
अपर जिलाधिकारी आरडी पालीवाल ने मंगलवार की सुबह तहसील में छापेमारी की। इस दौरान अधिकांश कर्मचारी अपनी डयूटी पर नहीं पहुंचे थे।
तहसील में कुर्सियां खाली पड़ी देख एडीएम ने तहसील कार्यालय के अरायज नवीसों की तलाशी शुरू कर दी। एक अरायज नवीस के पास तहसीलदार द्वारा निर्गत 72 प्रमाण-पत्रों बंडल मिला। सूचना के आधा घंटा बाद तहसीलदार महेश लाल भी मौके पर पहुंच गए।
इस बीच फरियादियों ने एक माह से खतौनी नहीं बनाने की शिकायत की। एडीएम ने संबधित कर्मचारी को तलब किया, लेकिन कंप्यूटर साफ्टवेयर डाउन लोड करने नैनीताल भेजे जाने की जानकारी के बाद लोग शांत हुए।
अधिकांश शिकायत आय, जन्म व जाति प्रमाण पत्र समय पर न बनाए जाने को लेकर पायी गयी। बहरहाल एडीएम ने तहसील की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
साथ ही अरायज नवीस और संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने की सख्त हिदायत दी।