हल्द्वानी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) ने एक्यूआई दिवाली के दूसरे दिन के आंकड़े जारी किए हैं। हल्द्वानी में एक्यूआई कुछ कम होने से राहत की खबर है लेकिन रुद्रपुर में यह आंकड़ा 200 के पार ही रहा। पीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी अनुराग नेगी ने बताया कि सोमवार को हल्द्वानी का एक्यूआई 194 रहा जबकि मंगलवार को यह 187 रिकार्ड किया गया। इसी तरह से नैनीताल का एक्यूआई सोमवार (111) की तुलना में मंगलवार को 109 दर्ज किया गया।
काशीपुर में राहत
पीसीबी के अनुसार रुद्रपुर में सोमवार को एक्यूआई 243 था। मंगलवार को यह 213 रहा। 200 से ऊपर का एक्यूआई गंभीर स्थिति को दर्शाता है। काशीपुर में सोमवार को एक्यूआई 265 था लेकिन अगले दिन यह 193 हो गया। यह राहत की बात है लेकिन हवा में जहरीलापन बरकरार है।
हल्द्वानी की हवा लगातार पांचवें दिन भी प्रदूषण से भरी
हल्द्वानी शहर का एक्यूआई 16 अक्तूबर से पहले तक 100 से नीचे था। 17 अक्तूबर से यह लगातार 100 के पार है। आंकड़े बताते हैं कि हर दिन यहां की हवा में प्रदूषण बढ़ता गया। 17 अक्तूबर को एक्यूआई 101, 18 को 111, 19 को 120, 20 को 194 और 21 अक्तूबर को 187 रहा।