गरमपानी(नैनीताल)। बेतालघाट के राजीव गांधी अभिनव आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा छह में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विद्यालय के प्रधानाचार्य दीप चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि शैक्षिक सत्र में 40 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी बुधवार से 10 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया में चयन पूरी तरह कक्षा पांच की मेरिट के आधार पर किया जाएगा। साथ ही आरक्षण संबंधी प्रावधानों का भी पालन किया जाएगा।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार आवेदन केवल उन्हीं विद्यार्थियों से स्वीकार किए जाएंगे जिन्होंने बेतालघाट ब्लॉक के किसी राजकीय प्राथमिक विद्यालय से ही कक्षा पांच पास किया हो। वर्तमान में विद्यालय में आवासीय सुविधा उपलब्ध नहीं होने के चलते केवल दैनिक रूप से विद्यालय आकर पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राएं ही आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र विद्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा। कक्षा पांच की अंकतालिका, आधार कार्ड की प्रति और जाति प्रमाणपत्र संलग्न करना होगा। बिना विद्यालय की मुहर और क्रमांक वाले आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।