नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के संबद्ध महाविद्यालयों में बीए, बीएससी और बीकॉम पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण जारी है। इच्छुक छात्र उत्तराखंड सरकार के समर्थ पोर्टल के माध्यम से 30 मई तक आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण शुल्क 50 रुपये निर्धारित है जिसका भुगतान ऑनलाइन करना होगा।
कुलपति डीएस रावत ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया के बाद वरीयता सूची बनेगी। यह सूची 12वीं के अंकों के आधार पर तैयार होगी। पहली वरीयता सूची जून के पहले सप्ताह में जारी होने की संभावना है। चयनित छात्रों को आवंटित कॉलेज में मूल दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन कराना होगा। सत्यापन और प्रवेश शुल्क जमा करने के बाद ही प्रवेश सुनिश्चित होगा। विश्वविद्यालय का लक्ष्य है कि प्रवेश प्रक्रिया जून तक पूरी हो जाए। जुलाई 2026 से कक्षाएं शुरू हो सकेंगी।