नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय ने स्नातक, स्नातकोत्तर और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के दूसरे सेमेस्टर की मुख्य परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार प्रोग्राम कोड केयू 101 से केयू 350 के अंतर्गत आने वाले सभी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी अपनी परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
प्रभारी कुलसचिव राकेश विश्वकर्मा ने बताया विद्यार्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से मंगलवार से 30 मई तक ऑनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र भर सकते हैं। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर अपना आवेदन पत्र और संबंधित परीक्षा शुल्क जमा कर लें। यदि कोई छात्र किन्हीं कारणों से 30 मई तक अपना फॉर्म नहीं भर पाता है तो उसे अतिरिक्त अवसर दिया जाएगा। ऐसे छात्र 31 मई से पांच जून तक आवेदन कर सकेंगे लेकिन इसके लिए उन्हें निर्धारित परीक्षा शुल्क का 50 प्रतिशत अतिरिक्त विलंब शुल्क देना होगा। पांच जून के बाद किसी भी परिस्थिति में परीक्षा आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।