नैनीताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सोमवार को राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक की। उन्होंने पुराने राजस्व वादों के निस्तारण, 24 घंटे स्वच्छता अभियान और खनिज प्रभावित क्षेत्रों के विद्यार्थियों के कौशल विकास पर जोर दिया। बैठक में अवैध शराब पर सख्त कार्रवाई और सरकारी भूमि के संरक्षण के भी निर्देश दिए गए।
वाहनों के सुव्यवस्थित उपयोग और ईंधन एवं तेल की बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह बैठक ऑनलाइन आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों, कानून व्यवस्था और राजस्व कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर पुराने राजस्व वादों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उप जिलाधिकारियों को अपनी तहसीलों का नियमित निरीक्षण करने और सरकारी जमीन के संरक्षक के रूप में कार्य करने के लिए कहा। रयाल ने खनिज प्रभावित क्षेत्रों में डिग्री स्तर के विद्यार्थियों को आईटीआर और जीएसटी से संबंधित प्रशिक्षण तथा बालिकाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन विवेक राय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सौरभ असवाल आदि रहे।
स्वच्छता कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश
डीएम ने उप जिलाधिकारियों को स्वच्छता कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। अधिक कूड़ा उत्पन्न करने वाले संस्थानों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आबकारी विभाग की समीक्षा करते हुए शराब की तस्करी पर रोक लगाने और कारोबारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।